अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, काशी प्रांत द्वारा आयोजित 30 दिवसीय संचार मीडिया इंटर्नशिप का दीक्षांत समारोह आज प्रयागराज स्थित वात्सल्य अस्पताल के सभागार में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं, अतिथियों एवं परिषद कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

इंटर्नशिप के दौरान प्रतिभागियों को एआई और मीडिया, कैमरा फेसिंग एवं आत्मविश्वास निर्माण, प्रेस विज्ञप्ति लेखन, वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी आदि विषयों पर व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को संचार और मीडिया के क्षेत्र में दक्ष, जागरूक एवं उत्तरदायी बनाना रहा।
इंटर्नशिप प्रभारी और इलाहाबाद विश्वविद्यालय के सेंटर ऑफ़ मीडिया स्टडीज़् में कार्यरत प्रियंका मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा, “आज मीडिया का स्वरूप तीव्र गति से बदल रहा है। एआई जैसी नई तकनीकों को समझना और उसका सकारात्मक उपयोग करना समय की आवश्यकता है। इस इंटर्नशिप के माध्यम से विद्यार्थियों ने न केवल तकनीकी कौशल सीखा, बल्कि संवाद की जिम्मेदारी को भी समझा है।”
दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि और दैनिक भास्कर के वरिष्ठ पत्रकार अलोक श्रीवास्तव ने कहा, “सशक्त राष्ट्र निर्माण में सशक्त संचार की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। मीडिया के क्षेत्र में प्रशिक्षित युवा समाज को सही दिशा देने का कार्य कर सकते हैं। परिषद का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है।”

विशिष्ट अतिथि कीर्तिका अग्रवाल (प्रदेश महामंत्री महिला मोर्चा, भाजपा) ने अपने उद्बोधन में कहा,
“युवाओं में अपार संभावनाएँ हैं। सही मार्गदर्शन और प्रशिक्षण मिलने पर वे समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं। यह इंटर्नशिप उनके व्यक्तित्व विकास का एक सशक्त मंच सिद्ध हुई है।”
कार्यक्रम के संरक्षक अभिनव मिश्रा ने कहा कि परिषद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। इंटर्नशिप संयोजक शुभी द्विवेदी ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
सह-संयोजक देवेश पांडेय, समृद्धि प्रिया पाठक, शिवम राज सिंह, आर्यन गुप्ता, बलवीर प्रताप सिंह एवं शांभवी टंडन ने आयोजन की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समिति सदस्य कृतिका त्रिपाठी का भी विशेष सहयोग रहा।

दीक्षांत समारोह में गरिमा श्रीवास्तव, प्रबल प्रताप सिंह, सुधांशु तिवारी, ज्ञानेश्वर बक्सराय को ‘बेस्ट इंटर्न’ सम्मान से सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और मेडल प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।